बालोद
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाने से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। थाने में तैनात सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) हीरामन मंडावी ने थाने के पुलिस स्टाफ बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल एएसआइ हीरामन मंडावी को फंदे से उतारा और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एएसआइ हीरामन मंडावी की आत्महत्या का कारण डिप्रेशन बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों ने उन्हें इस कदम को उठाने के लिए मजबूर किया।
घटनास्थल से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फारेंसिक टीम द्वारा बैरक की जांच की जा रही है। साथ ही, एएसआइ के सहकर्मियों और स्वजनों से पूछताछ कर यह समझने की कोशिश की जा रही है कि क्या कोई मानसिक या व्यक्तिगत दबाव इस घटना का कारण था।
बालोद पुलिस अधीक्षक ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है और कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। इस घटना ने पुलिस विभाग में मानसिक स्वास्थ्य और कार्यस्थल पर तनाव से निपटने की आवश्यकता पर एक बार फिर सवाल उठाए हैं।

More Stories
चैत्र नवरात्र का असर: 3 दिन बंद रहेंगी मांस-मटन की दुकानें, मंदिरों में गूंजे ‘जय माता दी’
रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर: छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 14 ट्रेनें रद्द, गोंदिया में मरम्मत कार्य जारी
सीएम योगी ने प्रयागराज समेत 10 जिलों के अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट, जानिए क्या कहा